Saturday, 14 September 2013

दिल्ली पुलिस की करतूत

 पुलिस द्वारा आम आदमी से वसूली के कई किस्से हमारे यहाँ सुने और सुनाये जाते हैं| आलम ये है कि यदि आप देश भर में सर्वे कर ये जानने का प्रयास करें कि पुलिस वसूली का शिकार हुए हैं या नहीं तो अनुमान है कि सभी हाँ में ही जवाब देंगे| शायद ही ऐसा कोई इलाका होगा जहाँ कोई बचा हो इस वसूली से, सिर्फ इतना ही नहीं ये वसूली करने वाले पुलिसकर्मी इतने बेख़ौफ़ हो चुके हैं कि इनको किसी शिकायत का भी डर नहीं रह गया| फिलहाल हम यहाँ बात कर रहे हैं देश की राजधानी दिल्ली की, यहाँ के हरी नगर थाने में एक युवक के साथ गुंडागर्दी पर उतारू हो गए पुलिसकर्मी सिर्फ इतना ही नहीं जब उसने अधिकारियों से शिकायत करने की बात कही तो उससे एक पुलिसकर्मी ने कहा शिकायत करनी है तो ओबामा से कर वहीँ तेरी सुनवाई होगी

दीपक वर्मा दिल्ली में नौकरी कर रहे सैकड़ों युवको जैसा ही है| लेकिन इसकी कहानी उनसे काफी अलग है, दीपक 10 अगस्त को शाम को घुमने के लिए निकला तब उसे ये नहीं पता था कि आज का दिन उसे भूले नहीं भूलेगा| इसी दौरान रूटीन चैकिंग के दौरान एक पुलिस वाले ने उससे गाडी के बारे में सवाल जवाब किये जिसका दीपक ने जवाब दिया| एक पुलिस वाले कि नज़र जब बाइक की नंबर प्लेट पर पड़ी तो उसने दीपक से कहा ये सही नहीं है, इसपर दीपक ने जवाब दिया अभी सही करा लेता हूँ| इसपर पुलिस वाले ने कहा नहीं चालान होगा, 100 रुपये के चालान के लिए दीपक तैयार होगा| ठीक इसी समय एक और पुलिसवाला वहां आया और बोल की चालान नहीं होगा गाड़ी सीज होगी| दीपक ने कहा आप गाड़ी के पेपर देख लीजिये लेकिन उसकी बात सुनने को कोई भी पुलिसकर्मी राज़ी नहीं हुआ और उसकी गाड़ी सीज कर दी गयी|

अपने साथ हुई इस नाइंसाफी के बाद दीपक ने 100 नंबर पर जब अपनी शिकायत दर्ज करवानी चाही तो वहां भी कोई सुनवाई नहीं हुई| इसी दौरान एक सिपाही उसके पास आया और बोल बूथ पर साहब बुला रहे हैं, दीपक जब बूथ पर पहुंचा तो वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने उससे माफ़ी मांगने को कहा इसपर दीपक ने कहा मै माफ़ी तो मांग चुका हूँ, इसके बाद दीपक को हरी नगर थाने पहुंचा दिया गया| थाने में उसे सुरेन्द्र सिंह नाम का एस.आई मिला जिसने दीपक को बताया कि उसकी बाइक तो लावारिस हालत में मिली है| ये सुनकर दीपक के होश उड़ गए| उसने सुरेन्द्र सिंह को बताया की नहीं ऐसा नहीं है मै अपनी गाड़ी के पास ही था आपके कुछ सिपाहियों से मेरी बात हुयी उन्होंने नंबर प्लेट ख़राब होने का कारण बता कर चालान कटवाने को कहा लेकिन बाद में चालान न कर गाड़ी सीज कर दी| इतना सुनकर सुरेन्द्र सिंह अपने आपे से बाहर हो गया वो दीपक को धमकाने लगा| इसी बीच किसी पुलिसवाले ने कहा साहब ये वही लड़का है जिसने 100 नंबर पर शिकायत की थी| ये सुनकर सुरेन्द्र हंसा और बोल शिकायत करनी है तो ओबामा से कर वहीँ तेरी सुनवाई होगी, जा नहीं करते हम चालान यहाँ के हम गुंडे हैं यहाँ हमारी दादागिरी चलती, तेरे पास तो कैमरे वाला फ़ोन है ले ले मेरी फोटो|

दीपक ने पर्दाफाश से बताया कि ये सुनकर उसके होश उड़ गए| उसे लगा की कहीं ऐसा न हो ये पुलिसवाले उसे किसी संगीन धारा में अन्दर न कर दें, दीपक ने कहा इसके बाद मैंने थाने से निकलने में ही अपनी भलाई समझी| दीपक इस हादसे के बाद इतना डर गया है कि उसने किसी भी बड़े पुलिस अधिकारी से शिकायत करना सही नहीं समझा| दीपक इस समय बेरोजगार है, बाइक न होने की वजह से उसे नौकरी से निकाल दिया गया है| 

इस पूरे मामले पर हमारा यही कहना है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को इस घटना को गंभीरता से लेना चाहिए ताकि आगे कोई बेबस इन पुलिसवालों का शिकार न बन सके, वहीँ हमारा यह भी कहना है की ऐसे पुलिसकर्मी ही पुलिस विभाग का नाम डुबोते हैं इनको कड़ी सजा मिलनी ही चाहिए|


Courtesy- Pardaphas   

No comments: