Friday, 4 October 2013

उत्तराखंड में कुदरत की तबाही का दर्द


उत्तराखंड में कुदरत की तबाही के बाद अब धीरे-धीरे वहां का दर्दनाक मंजर सामने आने लगा है। देवभूमि में प्राकृतिक आपदा का सबसे ज्यादा असर केदारनाथ धाम पर पड़ा है। जिस केदारनाथ धाम को बसाने में सैंकड़ों साल लग गए, जहां आम दिनों में चहल-पहल रहती थी वहां आज सन्नाटा पसरा हुआ है। मेरी कुछ प्राकृतिक आपदा से पीड़ित लोगो  से बातचीत हुई  जो मै आप लोगो को बताना चाहता हू
गीता चौहान ने बताया उत्ताराखंड में आई त्रासदी के बाद जान बचाने के लिए पहाड़ों के जंगलों का सहारा लेना पड़ा। खाना पहले ही खत्म हो चुका था। यूं लग रहा था कि भूख से ही मर जाऊंगी। दूर तक कुछ नजर नहीं आ रहा था। अंत में जान बचाने के लिए जंगल में चौलाई व लीगडे नामक हरी घास खाकर जान बचाई। प्यास बुझाने के लिए पहाड़ों से गिरते झरने का पानी पिया।
मुकेश उस दर्दनाक मंजर को अब तक नहीं भुला पा रहे हैं। कहते हैं कि अपनी जान की तो फिक्र नहीं थी, लेकिन साथ में जो बच्चे थे उनकी चिंता थी। 15 जून को सभी लोग दर्शन के लिए केदारनाथ की ओर आगे बढे़। केदारनाथ की तबाही का भयावह रूप खुली आंखों से देखा। जान बचाकर सभी लोगों ने पहाड़ के जंगलों का सहारा लिया। सात दिन तक वे उसी पहाड़ में भटकते रहे। इस दौरान जलखोरी गांव में बाघ के आने की खबर ने पहाड़ी पर फंसे सभी लोगों को दहला दिया। ड्राइवरों ने गाड़ियों की लाइटें जला कर हार्न बजाना शुरू कर दिया। कुछ देर बाद बाघ वहां से भाग निकला। तभी बोर्ड पर लिखी जानवरों से सावधान रहने की चेतावनी पर नजर गई। इससे सभी लोग और भयभीत हो गए।
आरती कहती हैं कि प्राकृतिक आपदा के बाद पत्थरों के नीचे दबे लोग, पानी में बहते शव और चारों ओर मौत का मंजर नजर आ रहा था। कुछ ऐसे लोग भी नजर आ रहे थे जो गहने व कीमती सामान लूट रहे थे। दर्शना का कहना है कि केदारनाथ में फंसे लोगों के पास खाने को कुछ नहीं बचा तो कुछ लोगों ने अपना खाना दिया। धीरे-धीरे सभी का खाना खत्म हो गया। आठ लोगों के लिए खाना कम था। स्थानीय लोगों के बताने पर पहाड़ी हरी घास खाई। त्रासदी के बाद लगातार दो दिन तक कोई सरकारी सुरक्षा नहीं मिली। हर पल मौत सामने थी। 18 जून को सेना मदद के लिए पहुंची।

केदारनाथ में बेटे संदीप के साथ फोटोग्राफी की दुकान चलाने वाले ऊखीमठ, रुद्रप्रयाग निवासी राजकिशोर ने बताया कि जब भयावह मंजर के बाद उनकी आंख खुली तो खुद को मलबे में दबा पाया। अगल-बगल लाशें ही लाशें बिछी थीं। उठना चाहा, लेकिन पांव बोल्डर के नीचे दबा था। जब सेना व पुलिस के जवानों ने उन्हें निकाला तो पता चला कि जान तो बच गई पर पांव की हड्डी टूट चुकी है। रातभर केदारनाथ में ही कराहते रहे। मंगलवार को प्रशासन ने दून अस्पताल भिजवाया।

उत्तराखंड में आई भीषण बारिश और बाढ़ की तबाही के इस मंजर को लोग वर्षो तक नहीं भूल पाएंगे। जिस तरह से एक ही पल में कुदरत ने बसी बसाई देवभूमि को तहस-नहस किया है उसके बाद ये तो साफ है कि उस आशियाने को दोबारा से बसाने में काफी वक्त लगेगा।




No comments: