Friday, 23 August 2013

धर्म के लुटेरे

अपने देश में सत्संग के बहाने बातचीत / बोलने में माहिर कुछ तथाकथित बाबा अथवा प्रवचनकर्ता आम जनता को वर्षों से लूट रहे हैं। इनमें से कुछ तो करोड़ों की संपदा के मालिक हैं। क्योंकि इनके तथाकथित भक्तों की संख्या लाखों में है, इन पर कार्रवाई करने में पुलिस मजबूर दिखती है और नेता मेहरबान। ताज्जुब होता है कि ये देश को किसी भी आफत से बचाने में आज तक कोई चमत्कार नहीं कर पाए हैं। इनमें से कुछ तो गृहस्थ हैं और इनके बच्चे भी इनके सहारे ऐश कर रहे हैं। मुझे क्रोध अपने वैज्ञानिक साथियों पर आता है। वे देश की आम जनता को पाखंडियों से बचाने के लिए कोई सक्रियता नहीं दिखाते हैं। उनमें से कुछ तो स्वयं इन पाखंडियों के " झूठसंग " में भी जाते हैं। हमारे नेता यदि वोटों के जाल में न फंसें तो उन्हें भी इन ढोंगियों के खिलाफ खुलकर बोलना चाहिए। समाज के प्रत्येक जागरूक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह समाज को लूटने वालों का विरोध करे। सबसे बड़ा सत्संग है अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन ईमानदारी से करना और जो लोग अपने पारिवारिक, सामाजिक, और कार्य से जुड़ी जिम्मेदारियों को निष्ठां और लगन से निभाते हैं और सत्य का साथ देने के लिए प्रयत्नशील रहते हैं, उन्हें किसी सत्संग में जाने की जरूरत नहीं है। अगर समय नहीं बीत रहा हो तो अपने आसपास ऐसे सामाजिक कार्यों से जुड़ें जिनसे आम लोगों और जरूरतमंदों को लाभ होता हो ; राहत मिलती हो। " गुरू गोविन्द दोनों खड़े " वाले गुरू इधर नहीं के बराबर हैं, इसलिए किसी पर बलिहारी होने की जरूरत नहीं है । नौटंकीबाजों से सावधान रहें। ये रात को किस्से पढ़ते हैं और सुबह लोगों को सुनाकर अपने आपको कबीर जैसे संतों की श्रेणी में रखते हैं। याद रखिये : कबीर दास जी अपने परिवार को अपने परिश्रम से पालते थे , दान पात्र के चंदे से नहीं ! 



No comments: